यूपी – गाजियाबाद। विजयनगर स्थित 48 एकड़ आर्मी लैंड को “ग्रीन लंग्स ऑफ गाजियाबाद” के रूप में विकसित करने की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को स्थल का निरीक्षण कर उद्यान विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से मियावाकी पद्धति के तहत वृहद पौधारोपण अभियान शुरू होगा। पहले चरण में 9 एकड़ क्षेत्र में सवा लाख से अधिक तथा शेष 37 एकड़ में लगभग 6 लाख पौधे लगाए जाएंगे।

नगर आयुक्त ने बताया कि सिटी फॉरेस्ट और साईं उपवन की तर्ज पर विकसित होने वाला यह हरित क्षेत्र वायु गुणवत्ता में सुधार, ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाने तथा कार्बन डाइऑक्साइड कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां बरगद, पीपल, अर्जुन, सागौन, शीशम, नीम, जामुन, कदंब, आम, कटहल, अनार, शहतूत, चीकू, पपीता, केला, इमली, नींबू, तुलसी, एलोवेरा सहित फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए जाएंगे।
वरिष्ठ प्रभारी उद्यान एन.के. चौधरी और प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज की देखरेख में भूमि की गहरी जुताई और अन्य तैयारियां जारी हैं। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, उद्यान निरीक्षक अजय, उद्यान विभाग के अवर अभियंता तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आर्मी लैंड से गंदगी हटाकर हरित क्षेत्र विकसित किए जाने पर विजयनगर के स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की सराहना की।

