16 सूत्रीय मांगों को लेकर सपा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन एडवोकेट और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट के नेतृत्व में बुधवार को हजारों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

ज्ञापन में महंगाई, बेरोजगारी, नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक, अघोषित बिजली कटौती, किसानों की समस्याएं, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, आरक्षण में कथित अनियमितताएं तथा भ्रष्टाचार के मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। फैसल हुसैन ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, बिजली और रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम जनता को परेशान कर दिया है, जबकि सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण पाने में विफल रही है।

वीरेंद्र यादव ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पूर्व एमएलसी राकेश यादव ने किसानों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति, बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।

ज्ञापन में महिला अपराधों पर अंकुश, आरक्षण को पूर्ण रूप से लागू करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, आरटीओ कार्यालयों में कथित अवैध वसूली की जांच, निबंधन विभाग के निजीकरण का प्रस्ताव वापस लेने, नेहरू युवा केंद्र रामनगर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा मतदाता सूची की त्रुटियां दूर करने की मांग भी शामिल रही।

प्रदर्शन में नितिन त्यागी, राजन कश्यप, रमेश प्रजापति, धर्मवीर डबास, रमेश यादव, विशाल वर्मा, अभिषेक गर्ग, श्रवण त्यागी, राजदेवी चौधरी, प्रवेश चौधरी, सत्येंद्र शर्मा, मुकेश यादव, मनोज पंडित, नरेश बत्रा, योगेश सिरोही, इरफान अमानत चौधरी, असलम कुरैशी, विक्की सिंह, रविंद्र यादव, अंशु ठाकुर, दुर्गेश चौधरी, किरण कालिया, अनिल चौधरी, रजत पोरवाल, कमलेश यादव, सत्य प्रकाश यादव, विक्रम यादव, संदीप प्रधान, राजवीर सिंह गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।