यूपी – हापुड़। चंडी रोड स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में बालाजी महाराज मेहंदीपुर धाम का भव्य संकीर्तन एवं धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन महावीर दल द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए शिवकुमार गर्ग ने बताया कि बालाजी महाराज मेहंदीपुर वाले का संकीर्तन प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम में गुरु देव सुशांत तोमर ने अपने प्रेरणादायक प्रवचनों में कहा कि दुनिया में अच्छे और बुरे दोनों प्रकार के लोग हमेशा रहे हैं और आगे भी रहेंगे। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को हर परिस्थिति में सचेत और सजग रहना चाहिए।
संकीर्तन के दौरान “हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, सीता राम सीताराम हरे हरे” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते और नृत्य करते नजर आए। कार्यक्रम में बरेली, मुरादाबाद, बृजघाट, मेरठ, दिल्ली, खुर्जा, बुलंदशहर, गुलावठी, देवभूमि, सपनावत, समाना गांव, गाजियाबाद, दादरी, मोदीनगर तथा जयपुर (राजस्थान) सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
अंत में श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज मेहंदीपुर धाम के दर्शन कर गुरु देव सुशांत तोमर से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण किया।







