यूपी – हापुड़/पिलखुवा। पिलखुवा की प्रतिभाशाली बेटी प्रस्तुति शर्मा ने नागालैंड में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रस्तुति शर्मा हिंदी अकादमी दिल्ली के पूर्व उपसचिव एवं आकाशवाणी उद्घोषक ऋषि कुमार शर्मा की पुत्री तथा समाजसेवी मनोज कुमार शर्मा ‘जॉनी’ की भतीजी हैं।

प्रस्तुति शर्मा को भारत सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को नागालैंड के सभी 17 जिलों में लागू करने की दिशा में कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले तीन महीनों से वह नागालैंड शिक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित कर सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।

कोहिमा स्थित राज्य सचिवालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति शर्मा और उनकी टीम ने करीब 300 शिक्षाविदों, अधिकारियों, पत्रकारों और शोधार्थियों के समक्ष राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
नागालैंड सरकार में स्कूल शिक्षा एवं एससीईआरटी के सलाहकार डॉ. केख्रिलहोलिये यहोमे ने प्रस्तुति शर्मा और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए नीति के शीघ्र क्रियान्वयन का भरोसा जताया।
उनकी इस उपलब्धि पर पिलखुवा में खुशी का माहौल है और परिजन, मित्र व नगरवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।







