यूपी – गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की ओर से यशोदा अस्पताल नेहरू नगर एवं यशोदा अस्पताल संजय नगर में भव्य योग सत्रों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 लोगों ने भाग लेकर योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई।
योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास करते हुए कहा कि नियमित योग स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन की कुंजी है तथा सभी को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
कार्यक्रम में चिकित्सकों, अस्पताल कर्मचारियों, मरीजों के परिजनों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के प्रबंध निदेशक डॉ. रजत अरोड़ा ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर और मन को स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।







