यूपी – गाजियाबाद। जीएसटी सभागार में प्रमुख सचिव वाणिज्य कर विभाग उत्तर प्रदेश कामिनी रतन चौहान की अध्यक्षता में व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला एवं महानगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष राम किशोर अग्रवाल के नेतृत्व में भाग लेकर व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रमुख सचिव के समक्ष रखीं।
उत्तर प्रदेश टेंट व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक चावला ने बताया कि सरकारी विभागों में टेंट एवं इवेंट कार्यों का भुगतान कई माह की देरी से होता है, जबकि जीएसटी समय पर जमा करना पड़ता है। उन्होंने भुगतान प्राप्त होने के बाद जीएसटी देय करने की मांग उठाई। अन्य राज्यों में कार्य करने पर इनपुट टैक्स क्रेडिट की समस्या का मुद्दा भी रखा गया।
व्यापारी नेता गोपीचंद प्रधान ने तकनीकी त्रुटियों के आधार पर मालवाहक वाहनों की रोक-टोक बंद करने की मांग की, जबकि जिला महामंत्री राजदेव त्यागी ने पुराने जीएसटी मामलों में एकपक्षीय आदेशों से व्यापारियों को राहत देने की बात कही।
प्रमुख सचिव कामिनी रतन चौहान ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया तथा व्यापारिक संगठनों से लखनऊ में विस्तृत प्रस्ताव देने को कहा। अंत में राम किशोर अग्रवाल ने उनका आभार व्यक्त किया।

