द्वितीय उत्तर प्रदेश स्टेट टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट में गाजियाबाद के खिलाड़ियों का दबदबा

यूपी – गाजियाबाद। द्वितीय उत्तर प्रदेश स्टेट टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट का सफल आयोजन जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच हुई इस प्रतियोगिता में गाजियाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में सार्थ मिश्रा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि महिला वर्ग में कुमारी दिशा ने प्रथम स्थान हासिल कर गाजियाबाद का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा अन्य कई आयु एवं वर्गों की प्रतियोगिताओं में भी गाजियाबाद के खिलाड़ियों ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

टूर्नामेंट के समापन समारोह में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के सचिव अरुण कुमार बनर्जी, गाजियाबाद टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष जेके गौड़ तथा सचिव ऋषिराज त्यागी ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।