यूपी – गाजियाबाद। तहसील गाजियाबाद के रजिस्ट्री कार्यालय के गेट पर 11 जून से जारी अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों एवं अन्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के नौवें दिन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन, महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, अभिषेक गर्ग और विशाल वर्मा के नेतृत्व में सपा का प्रतिनिधिमंडल धरना स्थल पर पहुंचा और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के पंजीकरण एवं निबंधन विभाग द्वारा 4 जून 2026 को जारी आदेश के तहत निजी संस्थाओं के माध्यम से दस्तावेजों के पंजीकरण की व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई गई है। इस निर्णय से प्रदेश भर के अधिवक्ता, बैनामा लेखक, स्टाम्प वेंडर, कंप्यूटर ऑपरेटर और मुंशी प्रभावित होंगे तथा रोजगार पर संकट खड़ा हो जाएगा।
तहसील बार एसोसिएशन गाजियाबाद की जनरल बॉडी की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 11 जून से सभी सदस्य न्यायिक एवं पंजीकरण कार्य से पूर्ण रूप से विरत रहकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं।
सपा प्रतिनिधिमंडल में फैसल हुसैन, वीरेंद्र यादव, अभिषेक गर्ग, विशाल वर्मा, राजन कश्यप, सौदान गुर्जर, किशन यादव, मनोज पंडित और सोनू सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







