यूपी – लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण प्रदेश पदाधिकारी बैठक भाजपा प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित हुई। बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों, संगठन विस्तार और ओबीसी समाज में पार्टी की मजबूती को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. के. लक्ष्मण मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने की। उन्होंने पदाधिकारियों से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना समेत अन्य योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि ओबीसी समाज भाजपा की बड़ी शक्ति है और आगामी चुनावों को देखते हुए जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में ओबीसी सम्मेलन आयोजित कर समाज के प्रबुद्ध वर्गों से निरंतर संवाद बढ़ाया जाएगा।







