यूपी – गाजियाबाद। करणी सेना पंजीकृत की एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन गाजियाबाद स्थित दुबई मॉल में किया गया। प्रेस वार्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में संगठन सक्रिय भागीदारी करेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में चिंतन शिविर, प्रशिक्षण वर्ग एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाएगा। वर्तमान में करणी सेना उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में सक्रिय है तथा शेष जिलों में भी तेजी से संगठन का विस्तार किया जा रहा है। आगामी चुनावों के लिए योग्य एवं समर्पित उम्मीदवारों की पहचान हेतु एक विशेष कोर कमेटी का गठन किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में दान पात्र से हुई चोरी की घटना पर भी रोष व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। सूरजपाल अम्मू ने कहा कि इस मामले में करणी सेना अयोध्या में मुकदमा दर्ज कराएगी।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री संदीप सिंघल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विवेक तोमर, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, निशित रावल सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







