यूपी – गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनोज नागर और जिला उपाध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर त्यागी किसान दिवस के अवसर पर विकास भवन गाजियाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विकास भवन में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित उपलब्धियों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।
मास्टर मनोज नागर ने कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले ऐसे कार्यक्रमों में किसान, मजदूर, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों और आम जनता को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए, क्योंकि योजनाओं का वास्तविक लाभ इन्हीं वर्गों को मिलना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की जानकारी उन्हें पूर्व में नहीं थी और किसान दिवस के कारण विकास भवन पहुंचने पर उन्हें इसकी जानकारी मिली।
उन्होंने केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की सहभागिता के बिना इस प्रकार के कार्यक्रम अपने उद्देश्य को पूर्ण रूप से हासिल नहीं कर सकते।
भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के जिला अध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने बताया कि संगठन इस संबंध में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी गाजियाबाद को ज्ञापन देकर अपनी मांग रखेगा।







