यूपी – गाजियाबाद। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर “वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी, गिव ब्लड–सेव लाइव्स” थीम के तहत यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टीट्यूट, संजय नगर तथा यशोदा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, नेहरू नगर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया।
डॉ. (पूर्व कमांडेंट) प्रमोद यादव, विभागाध्यक्ष इम्यूनोहीमैटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन (ब्लड सेंटर) के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।
यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टीट्यूट, संजय नगर में 54 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जबकि यशोदा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, नेहरू नगर में 66 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। दोनों शिविरों में कुल 120 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
डॉ. प्रमोद यादव ने कहा कि सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता के लिए स्वैच्छिक रक्तदान सबसे प्रभावी माध्यम है। रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है और समाज में सेवा व मानवता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अस्पताल प्रशासन ने रक्तदाताओं, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और ब्लड सेंटर की टीम के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।







