यूपी – गाजियाबाद। नेहरू युवा केंद्र परिसर में प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण को लेकर शहर के व्यापारियों में काफी विरोध देखने को मिला। व्यापारियों का कहना था कि यदि शहर के बीचों-बीच हेलीपैड बनाया जाता है तो बस अड्डे से चौधरी मोड़ तक के बाजारों को भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा।
व्यापारियों की चिंता थी कि किसी वीआईपी के आगमन और प्रस्थान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कारण कई घंटे पहले ही बाजारों के रास्ते बंद कर दिए जाएंगे, जिससे व्यापार प्रभावित होगा। इस समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश महामंत्री राजू छाबड़ा ने शहर विधायक संजीव शर्मा से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया।
विधायक संजीव शर्मा ने नेहरू युवा केंद्र के अध्यक्ष राजेंद्र मित्तल से वार्ता कर व्यापारियों की चिंता को सामने रखा। इस पर राजेंद्र मित्तल ने व्यापारियों की समस्याओं को देखते हुए आश्वासन दिया कि नेहरू युवा केंद्र में हेलीपैड नहीं बनाया जाएगा। विधायक ने इस विषय में उच्च अधिकारियों से भी चर्चा की।
राजू छाबड़ा ने व्यापारियों की ओर से विधायक संजीव शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से शहर के व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।






