यूपी – गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में सुकवि अजीत श्रीवास्तव के आवास पर साहित्यिक चर्चा एवं काव्य गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कवयित्री डॉ. रमा सिंह ने की। गोष्ठी में साहित्य, कविता और उर्दू शायरी के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सुप्रसिद्ध कवि डॉ. चेतन आनंद, उर्दू शायर डॉ. ज़की तारिक, ताबिश खैराबादी एवं सुकवि अजीत श्रीवास्तव ने साहित्यिक गोष्ठियों से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए तथा वर्तमान साहित्यिक परिदृश्य पर विचार व्यक्त किए।
काव्य पाठ के दूसरे सत्र की शुरुआत अजीत श्रीवास्तव ने अपने हाइकु की प्रभावशाली प्रस्तुति से की। इसके बाद ताबिश खैराबादी ने अपने लाजवाब शेरों से महफिल में उर्दू अदब की खुशबू बिखेरी। डॉ. चेतन आनंद ने अपने विशिष्ट अंदाज में सवैया छंद और मुक्तकों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं की खूब वाहवाही प्राप्त की। डॉ. ज़की तारिक ने अपनी प्रभावशाली शायरी से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. रमा सिंह ने सभी रचनाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए अपने मर्मस्पर्शी गीत सुनाकर गोष्ठी को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में मेजबान की भूमिका सुनंदा श्रीवास्तव ने निभाई।
इस अवसर पर सुरेश श्रीवास्तव, पुष्पा श्रीवास्तव एवं एनसी पाराशर की विशेष उपस्थिति रही। साहित्य प्रेमियों ने ऐसी गोष्ठियों को समाज में साहित्यिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।






