यूपी – गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत उत्तर प्रदेश सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।

नरेंद्र कश्यप ने बृज विहार मंडल में आनंद मंगला (चार्टर्ड अकाउंटेंट), अरुण कुमार (प्रवक्ता) एवं सेवानिवृत्त कप्तान उमेश सिंह से मुलाकात कर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष नीरज रावल उपस्थित रहे। इसके बाद उन्होंने शालीमार गार्डन मंडल में अशोक भाटी तथा भोपुरा मंडल में विपिन डागर के नेतृत्व में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता अनिल खेड़ा, मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






