यूपी – गाजियाबाद। अमरनाथ योग संस्था गाजियाबाद के तत्वावधान में बाबा अमरनाथ यात्रा के दौरान बालटाल एवं बुराड़ी मार्ग पर लगाए जाने वाले भंडारे के लिए खाद्य सामग्री को श्रद्धापूर्वक रवाना किया गया। इस सेवा कार्य में अमरनाथ युवा मंडल के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष गौरव गर्ग, योग गुरु रेखा गर्ग, उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, महामंत्री अनुपा गर्ग एवं एकता गुप्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
खाद्य सामग्री से भरे वाहन को गाजियाबाद उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप बंसल, सिहानी गेट व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुराग गर्ग, बिहार नगर सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष तथा राजन गुप्ता ने विधिवत रवाना किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य का कार्य है। अमरनाथ युवा मंडल द्वारा प्रत्येक वर्ष भंडारे के माध्यम से हजारों शिवभक्तों की सेवा की जाती है। सभी ने सेवा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।






