यूपी – गाजियाबाद। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी गाजियाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत उपाध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन चंद वैश्य से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पिछले चार वर्षों से रेड क्रॉस गाजियाबाद द्वारा संचालित विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर गाजियाबाद इकाई द्वारा किए गए सेवा कार्यों पर आधारित प्रकाशित विशेषांक पत्रिका भी डॉ. सचिन चंद वैश्य को भेंट की। साथ ही आगामी 14 जून को जिला चिकित्सालय में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में शामिल होने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया।
इसके अतिरिक्त क्षय रोग उन्मूलन के लिए चल रहे 100 दिवसीय सघन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव के साथ भी सार्थक चर्चा की गई।
इस अवसर पर रेड क्रॉस से जुड़े सुभाष गुप्ता, राकेश गुप्ता, एम.सी. गौड़, विपिन अग्रवाल, मनोज अग्रवाल और ममता सिंह उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण से जुड़े अभियानों को आगे भी पूरी निष्ठा के साथ जारी रखने का संकल्प लिया।






