यूपी – गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सोमवार को लोनी क्षेत्र के ग्राम मीरपुर हिन्दू और ग्राम इलायचीपुर में बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-8 के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
जीडीए की टीम ने उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 की प्रासंगिक धाराओं के तहत लगभग 40 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान सैनिक विहार कॉलोनी, मीरपुर हिन्दू तथा इलायचीपुर क्षेत्र में करीब 200 भूखंडों की बाउंड्री वॉल, निर्मित सड़कों और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।
ध्वस्तीकरण के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनी विकसित करने वालों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल और क्षेत्रीय पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई को सफलतापूर्वक पूरा कराया।
अभियान के दौरान प्रवर्तन जोन-8 का समस्त स्टाफ, जीडीए पुलिस दस्ता तथा स्थानीय पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






