आरकेजीआईटी में एजाइल लीडरशिप विषय पर मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित

यूपी – गाजियाबाद। आरकेजीआईटी के एमबीए विभाग द्वारा 30 मई 2026 को “परिवर्तन और अनिश्चितता के दौर में एजाइल लीडरशिप” विषय पर एक दिवसीय मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम (एमडीपी) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बदलते व्यावसायिक परिवेश में प्रभावी नेतृत्व कौशल विकसित करना, प्रतिभागियों की अनुकूलन क्षमता बढ़ाना तथा आधुनिक नेतृत्व रणनीतियों की जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन आरकेजीआईटी समूह के वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल, सलाहकार डॉ. लक्ष्मण प्रसाद, कार्यकारी निदेशक डॉ. डी.के. चौहान, निदेशक डॉ. बी.सी. शर्मा तथा एमबीए विभागाध्यक्ष डॉ. विभूति त्यागी ने किया।

निदेशक डॉ. बी.सी. शर्मा ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तेजी से बदलते कारोबारी माहौल में प्रभावी नेतृत्व और अनुकूलन क्षमता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पुनीत मोहन ने एजाइल लीडरशिप की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सफल नेता को परिवर्तन को स्वीकार करने, टीम को प्रेरित करने, त्वरित निर्णय लेने तथा नई परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से 25 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजन डॉ. विभूति त्यागी के संरक्षण में हुआ, जबकि डॉ. शिखा मित्तल एवं विभाग के अन्य संकाय सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।