यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के आरडीसी स्थित जिला कार्यालय में सोमवार को बाबासाहेब अंबेडकर वाहिनी, एससी प्रकोष्ठ के तत्वावधान में प्रशिक्षण शिविर एवं संगठनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाबासाहेब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान बाबासाहेब अंबेडकर वाहिनी जिला गाजियाबाद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि का स्वागत कर संगठन के विस्तार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, समाज के वंचित वर्गों के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने तथा आगामी चुनावों की तैयारी में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने सामाजिक समरसता, संविधान की रक्षा तथा बहुजन समाज के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए अभी से संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला गाजियाबाद के एससी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष सोहन बीर सिंह ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन हित में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।






