यूपी – गाजियाबाद। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी गाजियाबाद इकाई के तत्वावधान में भारत की प्रतिष्ठित सीमेंट निर्माता कंपनी अदानी सीमेंट के सहयोग से जिला रक्त कोष में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अदानी सीमेंट के रीजनल हेड मनीष कुमार की उपस्थिति में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने फीता काटकर किया।
शिविर में अदानी सीमेंट के डीलरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रम के मुख्य रक्तदाता राष्ट्रीय स्तर के पैरा क्रिकेट खिलाड़ी राजा बाबू रहे। उन्होंने रक्तदान के बाद कहा कि मानव जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में योगदान देकर उन्हें अत्यंत खुशी और संतोष की अनुभूति हो रही है।
मानव सेवा को समर्पित इस पहल के लिए डॉ. राकेश कुमार, रेडक्रॉस टीम और अदानी सीमेंट की टीम ने सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का ऑक्सीजन पौधा भेंट कर तथा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मान किया गया। वहीं सभी रक्तदाताओं को रेडक्रॉस की ओर से सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
रेडक्रॉस के निवर्तमान सभापति सुभाष गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता का श्रेय डॉ. चरण सिंह, एम.सी. गौड़, राकेश गुप्ता, विपिन अग्रवाल, विनोद कुमार, डॉ. अंशुल चौधरी, डॉ. सर्वेश तथा जिला रक्त कोष की पूरी टीम के समर्पण को जाता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस गाजियाबाद की टीम प्रतिदिन सेवा कार्यों के माध्यम से सेवा पर्व मना रही है।






