यूपी – गाजियाबाद। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए शहर में कूलिंग स्टेशन स्थापित करने की पहल तेज कर दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल, अस्थायी प्याऊ, ट्रैफिक सिग्नलों पर ग्रीन नेट तथा नींबू पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नगर निगम के जलकल विभाग द्वारा शहर में सात कूलिंग स्टेशन स्थापित किए जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि पांच कूलिंग स्टेशन तैयार हो चुके हैं। इनमें कौशांबी बस अड्डा, नया बस अड्डा, नवयुग मार्केट तथा किराना मंडी सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर राहगीरों के विश्राम और गर्मी से बचाव की व्यवस्था की गई है। विजयनगर क्षेत्र में भी कूलिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए स्थान चिन्हित किया जा रहा है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि कूलिंग स्टेशनों में बैठने के लिए बेंच, शीतल पेयजल, कूलर तथा सूखी घास आधारित प्राकृतिक शीतलन प्रणाली की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार कूलिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।






