दिल्ली। राजधानी के प्रतिष्ठित त्रिवेणी कला संगम में आयोजित भरतनाट्यम अरंगेत्रम समारोह में 16 वर्षीय आद्या ने अपनी आकर्षक और भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शनिवार, 23 मई को आयोजित इस समारोह में आद्या ने भाव, लय और अभिव्यक्ति का ऐसा सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया कि पूरा सभागार देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा।

बारहवीं कक्षा की छात्रा आद्या पिछले नौ वर्षों से प्रसिद्ध भरतनाट्यम गुरु भवानी अनंतरमन से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। गुरु भवानी अनंतरमन के मार्गदर्शन और कठिन साधना ने आद्या की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समारोह में गुरु-शिष्या की प्रस्तुति और सामंजस्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
आद्या की माता सविता किरण ज़ाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज में अंग्रेज़ी की लेक्चरर हैं, जबकि पिता राहुल कुमार सिंह आईटी प्रोफेशनल हैं। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना बहनें नलिनी और कमलिनी भी मौजूद रहीं। उन्होंने आद्या की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।






