यूपी – गाजियाबाद। महानगर कांग्रेस कमेटी ने जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में वोटर लिस्ट सत्यापन अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसी संबंध में शुक्रवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मंडल प्रभारी अमित कुमार बंटी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में एसआईआर द्वारा तैयार की गई निर्वाचक नामावली के सत्यापन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर वोटर लिस्ट का सत्यापन करेंगे और किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर उसकी जानकारी संगठन को देंगे। इस दौरान संजय नगर सेक्टर-23, राजनगर मंडल और मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों की वोटर लिस्ट संबंधित पदाधिकारियों एवं वार्ड अध्यक्षों को सौंपी गई।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने कहा कि निष्पक्ष और त्रुटिरहित वोटर लिस्ट लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। प्रदेश महासचिव विजेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं से पूरी गंभीरता के साथ अभियान में जुटने की अपील की।
बैठक में महानगर उपाध्यक्ष सूर्यकांत, पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत त्यागी, एसआईआर कार्यक्रम प्रभारी इस्माइल खान, महासचिव मोहम्मद फहीम खान, पूर्व पार्षद मनोज चौधरी, कृष्ण पाल, बृज किशोर शर्मा, संदीप कुशवाह और सुरेश चौधरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।






