यूपी – गाजियाबाद। आर.के.जी. ग्लोबल स्कूल में एक सप्ताह तक चले समर कैंप 2026 का समापन समारोह उत्साह और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की चेयरवुमेन आँचल गोयल ने किया। समापन समारोह विद्यालय की डायरेक्टर प्रिंसिपल कैप्टन डॉ. दिनिशा भारद्वाज सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
समर कैंप के दौरान बच्चों ने योग, नृत्य, शूटिंग, शतरंज, स्केटिंग, इंग्लिश कम्युनिकेशन, आर्ट एंड क्राफ्ट और सेल्फ डिफेंस जैसी गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। योग और नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं इंग्लिश कम्युनिकेशन गतिविधि में बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ संवाद क्षमता का प्रदर्शन किया।
निःशुल्क सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहा, जिसमें बच्चों ने आत्मरक्षा की तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में स्वयं को सुरक्षित रखने की क्षमता विकसित करना था।
समारोह में बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों, हस्तशिल्प और चित्रकारी की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे अभिभावकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजित मैजिक शो ने बच्चों और अभिभावकों का भरपूर मनोरंजन किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देना था।






