यूपी – गाजियाबाद। कश्यप सेवा संस्था और ट्रैफिक पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को हापुड़ चुंगी चौराहे पर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों, वाहन चालकों और आमजन को शीतल पेय वितरित किए गए। साथ ही लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एसीपी ट्रैफिक अजय कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय यादव और ट्रैफिक इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह को कश्यप सेवा संस्था की ओर से पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण और सड़क सुरक्षा दोनों ही समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और लोगों को इनके प्रति जागरूक होना चाहिए।
अभियान में संस्था के अंकुश शर्मा, अंकित सैनी, समाजसेवी राजन कश्यप, उमेश कश्यप, जिले खान सलमानी, जतनवीर चौधरी, मोहित कुमार, हेमंत सिंह, हर्ष कश्यप, देविंदर कश्यप, रिंकू कश्यप, विजयपाल कश्यप और अशोक कश्यप सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।






