नई दिल्ली। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस और विभिन्न ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों द्वारा चलाया जा रहा तीन दिवसीय सांकेतिक चक्का जाम आंदोलन रविवार को समाप्त हो गया। आंदोलन के अंतिम दिन सरकार और ट्रांसपोर्ट संगठनों के बीच हुई वार्ता के बाद हड़ताल तत्काल प्रभाव से वापस लेने का निर्णय लिया गया।
ट्रांसपोर्ट नेताओं ने बताया कि सुबह से ही सरकार लगातार संपर्क में थी और देश में अंतरराष्ट्रीय तनाव व युद्ध जैसे हालातों का हवाला देते हुए हड़ताल आगे न बढ़ाने की अपील कर रही थी। सरकार को यह जानकारी भी मिल रही थी कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश के ट्रांसपोर्टरों के दबाव के चलते आंदोलन लंबा खिंच सकता है।
इसी बीच पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के आवास पर एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की ओर से ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय और कानूनी स्तर पर हर संभव सहयोग का भरोसा दिया गया।
इसके बाद विभिन्न राज्यों से आए आंदोलन की अग्रिम पंक्ति के सदस्यों ने आपसी सहमति से हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने सभी ऑपरेटरों से तत्काल प्रभाव से लोडिंग और अनलोडिंग कार्य शुरू करने की अपील की। संगठन ने आंदोलन में सहयोग देने वाले सभी ट्रांसपोर्टरों, चालकों और टीम सदस्यों का आभार व्यक्त किया।






