यूपी – गाजियाबाद। मोरटा गांव में गंदे नाले की समस्या को लेकर शुक्रवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा हम तुम रेस्टोरेंट रोड पर कच्ची नाली बनाने के लिए जेसीबी मशीन भेजी गई। खुदाई कार्य शुरू होने से सड़क पर जाम लग गया, जिसे ग्रामीणों ने मिलकर खुलवाया। बड़ी संख्या में एकत्र ग्रामीणों ने कच्ची नाली निर्माण का विरोध करते हुए कहा कि इससे जलभराव की समस्या और बढ़ेगी तथा महामारी फैलने का खतरा रहेगा।
मौके पर मौजूद जीडीए इंजीनियर आलोक रंजन से ग्रामीणों ने सोसाइटी के गंदे पानी के स्थायी निस्तारण की मांग की। समस्या के समाधान को लेकर गांव का एक प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत त्यागी, राष्ट्रीय लोकदल सहकारी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अंकुर त्यागी और किसान यूनियन के उपाध्यक्ष रोबिन त्यागी के नेतृत्व में जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल से मिलने पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ देर इंतजार कराने के बाद नंदकिशोर कलाल ज्ञापन देने की बात कहकर चले गए, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
प्रतिनिधिमंडल में महेंद्र त्यागी, धर्मवीर त्यागी, सुभाष चंद्र, मुरारी शर्मा, महेश त्यागी, योगेश त्यागी, टोनी पंडित, विवेक त्यागी, अमन त्यागी और शुभ त्यागी शामिल रहे। विनीत त्यागी ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जीडीए और नगर निगम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।






