यूपी – गाजियाबाद। 47वीं वाहिनी पीएसी परिसर में 25वीं अंतर वाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन कंप्यूटर प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारम्भ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन सेनानायक 41वीं एवं 47वीं वाहिनी पीएसी दिनेश यादव (आईपीएस) ने किया। उन्होंने विभिन्न वाहिनियों से आए प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

दिनेश यादव ने कहा कि आधुनिक तकनीकी युग में कंप्यूटर दक्षता सुरक्षा बलों की कार्यकुशलता और आधुनिक पुलिसिंग की आधारशिला बन चुकी है। उन्होंने प्रतिभागियों को अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता प्रारम्भ होने से पूर्व मेजबान टीम 47वीं वाहिनी पीएसी के कप्तान आरक्षी तेजपाल ने खिलाड़ियों को निष्पक्षता, खेल भावना और पूर्ण समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता में 06वीं, 08वीं, 09वीं, 15वीं, 23वीं, 24वीं, 28वीं, 38वीं, 41वीं, 43वीं, 44वीं, 45वीं और 49वीं वाहिनी पीएसी की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में लिखित, प्रयोगात्मक, व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्पर्धाएं आयोजित होंगी। प्रथम दिवस कंप्यूटर अवेयरनेस (एमसीक्यू) परीक्षा कराई गई। इस अवसर पर बी.एस. वीर कुमार, अन्विता उपाध्याय, जयेंद्र कुमार गंगवार, मोमराज सिंह, राजपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






