यूपी – गाजियाबाद। गुर्जर एवं जाट समाज की माताओं-बहनों को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा माफी मांगने के बाद राष्ट्रीय जाट महासभा भारत ने 22 मई को प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।
राष्ट्रीय जाट महासभा भारत के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन की लीगल टीम के राष्ट्रीय महासचिव विनोद राठी के आवास पर बैठक कर मामले पर चर्चा की। इस दौरान गुर्जर एवं जाट समाज के जिम्मेदार लोगों ने राजकुमार भाटी से उनके बयान पर स्पष्टीकरण मांगा।
राजकुमार भाटी ने अपने वक्तव्य पर खेद व्यक्त करते हुए दोनों समाज की माताओं-बहनों से माफी मांगी तथा भविष्य में इस प्रकार की टिप्पणी न करने का आश्वासन दिया। इसके बाद आपसी सहमति से महासभा ने घेराव कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव अजय प्रमुख आरएलडी, राष्ट्रीय महासचिव आनंद चौधरी, लीगल सेल के संरक्षक एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता भूपेंद्र चौधरी, लीगल सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र तोमर, राष्ट्रीय महासचिव विनोद राठी तथा गाजियाबाद जिलाध्यक्ष सुधीर बाहुबली सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। महासभा ने समर्थन देने वाले सभी सामाजिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं का आभार जताया।






