यूपी – गाजियाबाद। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र में शुक्रवार से घर-घर जाकर मकान सूचीकरण कार्य शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य को त्रुटिहीन ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

नगर आयुक्त ने बताया कि लगभग 5000 प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण करेंगे। सभी कर्मचारियों को चार्ज अधिकारियों से अनिवार्य रूप से ड्यूटी बैग प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी बैग प्राप्त न करने और उपस्थिति दर्ज न कराने पर जनगणना अधिनियम की धारा 5 और 11 के तहत एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा सकती है।
नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि 22 मई से 20 जून तक यह अभियान चलेगा। नगर निगम क्षेत्र को 3885 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है तथा सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से राष्ट्रीय हित में जनगणना कार्य में सहयोग की अपील की। इस दौरान प्रभारी जनगणना अधिकारी डॉ. अनुज भी उपस्थित रहे।






