यूपी – मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय शिक्षण संस्थान संगठन द्वारा एलजेपी सरस्वती विद्या मंदिर, जानसठ रोड में “प्रेरणा अचीवर्स अवार्ड 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नरेंद्र कश्यप मुख्य अतिथि तथा सेवा भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनिल कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली क्षेत्र के 62 विद्यालयों के बोर्ड परीक्षाओं के 372 मेधावी विद्यार्थियों को हजारों शिक्षकों एवं अभिभावकों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय शिक्षण संस्थान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पायलट राकेश त्यागी ने बताया कि “मिशन शिक्षित उत्तर प्रदेश 2047” के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय से छह टॉपर्स को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिक्षण संस्थानों और शिक्षकों की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए समाज से सकारात्मक सहयोग की अपील की।
मुख्य अतिथि नरेंद्र कश्यप ने विद्यार्थियों से माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा आशीर्वाद लेने की परंपरा बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में हुए कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में सतीश, ज्ञानचंद, अखिलेश, ज्योत्सना त्यागी, अश्वनी त्यागी सहित अनेक विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और शिक्षक उपस्थित रहे।






