यूपी – गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी कुमार कृष्ण की अध्यक्षता में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। भारतीय किसान यूनियन चढूनी के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनोज नागर ने ईस्टर्न हाईवे पर आरिफ इनायतपुर में बन रही ट्रक पार्किंग से संबंधित मुद्दों को प्रशासन के सामने रखा।
उन्होंने बताया कि ट्रक पार्किंग निर्माण में कुछ किसानों की भूमि पहले ही अधिग्रहित की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसानों को मुआवजा नहीं मिला है। इसके अलावा निर्माण कार्य में लगे डंपरों से संपर्क मार्ग और कई ग्रामीण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई शिकायतों के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं कराया गया।
किसानों ने बिजली समस्याओं, ऑर्बिटल रेल परियोजना की जानकारी, गन्ना भुगतान, ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, पानी निकासी तथा फरुखनगर से गढ़ी सिरोरा मार्ग निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की शिकायत भी की।
कार्यक्रम के अंत में किसानों ने मुख्य विकास अधिकारी कुमार कृष्ण को पौधा भेंटकर सम्मानित किया। किसान दिवस में मास्टर मनोज नागर, विजेंद्र सिंह, प्रमोद त्यागी, राजवीर सिंह, रामकुमार, जयकुमार, जान मोहम्मद, लक्ष्य नागर, इकरामुद्दीन, डॉ. श्याम सुंदर, सुशील कुमार, कमरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।






