यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा बुधवार को हिन्दी भवन, लोहिया नगर में विभिन्न योजनाओं के रिक्त व्यवसायिक एवं आवासीय भूखंडों की नीलामी आयोजित की गई। नीलामी प्रक्रिया में कुल 18 संपत्तियों के सापेक्ष प्राधिकरण को लगभग 155.15 करोड़ रुपये की संभावित आय प्राप्त होगी।
जीडीए अधिकारियों के अनुसार कोयल एन्क्लेव योजना के दो ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की नीलामी से 110.26 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। कौशांबी योजना पॉकेट-ए के एक आवासीय भूखंड से 11.46 करोड़ रुपये, वैशाली सेक्टर-3 के एक नर्सिंग होम भूखंड से 12.88 करोड़ रुपये तथा इंदिरापुरम न्यायखंड-3 योजना के एक कन्वीनियेंट शॉपिंग भूखंड से 36 लाख रुपये की बोली लगी।
इसके अलावा इंदिरापुरम ज्ञानखंड-3 योजना के छह दुकान भूखंडों से 6.52 करोड़ रुपये, प्रताप विहार योजना के एक डिस्पेंसरी भूखंड से 4.09 करोड़ रुपये, इंद्रप्रस्थ योजना पॉकेट-एच के चार व्यवसायिक भूखंडों से 4.83 करोड़ रुपये, अंबेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर योजना के एक व्यवसायिक भूखंड से 3.86 करोड़ रुपये तथा संजय नगर सेक्टर-23 की रिक्त भूमि से 55 लाख रुपये की आय सुनिश्चित हुई।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न कराई गई। प्राप्त राशि का उपयोग विकास परियोजनाओं और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा।






