यूपी – गाजियाबाद। आर.के.जी. ग्लोबल स्कूल में समर कैंप 2026 का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की वाइस चेयरवुमन आँचल गोयल ने किया। इस अवसर पर डायरेक्टर प्रिंसिपल कैप्टन डॉ. दिनिशा भारद्वाज सिंह, शिक्षकगण, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। पहले दिन विद्यार्थियों ने नृत्य, कला एवं शिल्प, खेल-कूद, योग, संगीत और रचनात्मक शिक्षण गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।
कैंप का मुख्य आकर्षण निःशुल्क सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण सत्र रहा। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस कोच नीरज गहलोत ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में सुरक्षा के उपाय और आत्मविश्वास बनाए रखने के तरीके भी बताए। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
कैप्टन डॉ. दिनिशा भारद्वाज सिंह ने विद्यार्थियों को सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार समर कैंप का ग्रैंड फिनाले 23 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा।






