यूपी – गाजियाबाद/लोनी, 17 मई। लोनी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व उत्तर प्रदेश महासचिव अल्पसंख्यक कांग्रेस अकबर चौधरी के नेतृत्व में लोनी पुस्ता चौराहे पर नीट यूजी पेपर लीक और बढ़ती महंगाई के विरोध में केंद्र सरकार का पुतला दहन करने का प्रयास किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
अकबर चौधरी ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा का पेपर हर वर्ष लीक हो रहा है, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और कई छात्र आत्महत्या तक करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
पश्चिम उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष खली नंबरदार ने कहा कि कांग्रेस अब “लीक प्रधान” को छात्रों की जिंदगी से खिलवाड़ नहीं करने देगी और यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
लोनी नगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों और लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। पूर्व जिला महासचिव सलीम इदरीसी ने कहा कि भाजपा चुनावों में झूठे वादे करती है और युवाओं को रोजगार व महंगाई जैसे मुद्दों से भटकाने का काम करती है।
कार्यक्रम में नईम सैफी, मोईन अली, इमरान चौधरी, गोलू चौधरी, गुलफाम चौधरी, वाजिद चौधरी, बाबू भाई और समीर सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।






