यूपी – गाजियाबाद। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में मेरठ से निकली “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा रविवार को गाजियाबाद पहुंची। पदयात्रा के स्वागत में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और वंचित समाज के लोगों ने भाग लिया। जगह-जगह फूल-मालाओं से पदयात्रा का स्वागत किया गया।
संजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा युवाओं के रोजगार, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने भाजपा सरकार पर सरकारी नौकरियां खत्म करने, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और आरक्षण पर हमले के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महंगे पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बेरोजगारी से जनता परेशान है, जबकि सरकार प्रचार में व्यस्त है।
आप के यूपी सह प्रभारी एवं दिल्ली विधायक सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया है। ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्षा डॉ. छवि यादव और प्रदेश प्रवक्ता तरुणिमा श्रीवास्तव ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।
जिला अध्यक्ष निमित यादव ने कहा कि गाजियाबाद में पदयात्रा को मिला समर्थन भाजपा सरकार के खिलाफ बदलाव का संकेत है। उन्होंने बताया कि पदयात्रा का समापन 20 मई को गाजियाबाद में होगा।






