यूपी – गाजियाबाद। गांव रोरी में महाराजा सूरजमल अखाड़े के संचालक एवं श्योरान खाप के मुखिया बाबा परविंदर आर्य द्वारा विशाल दंगल का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दूर-दराज से पहुंचे लड़के और लड़कियों के पहलवानों ने भाग लेकर दमखम का प्रदर्शन किया।

दंगल में अर्जुन पहलवान की कुश्ती का शुभारंभ पूर्व पहलवान एवं शूटर शमशेर राणा ने दोनों पहलवानों के हाथ मिलवाकर कराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने विजेता पहलवानों को पुरस्कार वितरित किए।
इस अवसर पर बाबा परविंदर आर्य ने कुश्ती के प्रति रुचि और योगदान को देखते हुए शमशेर राणा को श्योरान खाप का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। शमशेर राणा ने बताया कि उनके पिता गांव दाहा, बागपत में अखाड़े में कुश्तियां करवाते थे। उन्होंने गाजियाबाद के रमते राम रोड स्थित हेमंत अखाड़ा, गांधी नगर आर्य वीर व्यायामशाला और दिल्ली घंटाघर स्थित गुरु हनुमान अखाड़ा में प्रशिक्षण लिया।
उन्होंने कहा कि विश्व विख्यात गुरु हनुमान और एनआईएस कोच अंतरराष्ट्रीय पहलवान महासिंह राव का स्नेह उन्हें हमेशा मिला। शमशेर राणा ने कहा कि महाराजा सूरजमल अखाड़े से जुड़कर उन्हें दोबारा कुश्ती सेवा का अवसर मिला है, जिससे वह गौरवान्वित हैं।






