यूपी – गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित दिल्ली 6 मॉल में राष्ट्रीय जन सेवा मंच द्वारा तृतीय “मिस्टर नॉर्थ इंडिया” शरीर सौष्ठव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के करीब 100 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी फिटनेस और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता सीनियर, जूनियर और पुरुष फिजिक वर्ग में आयोजित की गई। गाजियाबाद के रिजवान ने मिस्टर नॉर्थ इंडिया का खिताब अपने नाम किया। सहारनपुर के विवेक पवार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हरियाणा के सोनू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष फिजिक वर्ग में दिल्ली के ऋतिक गुजर विजेता और बिजनौर के माधव उपविजेता बने।
राष्ट्रीय जन सेवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुज शर्मा ने कहा कि संस्था युवाओं को खेल और फिटनेस से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक कर रही है। मुख्य अतिथि सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। विशिष्ट अतिथि विधायक अजीत पाल त्यागी और विधायक नंदकिशोर गुर्जर रहे। विशेष अतिथि के रूप में पंकज जैन और डॉ. अनुराग सिंगल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विकास डागर ने किया। इस दौरान मनोज शर्मा, डॉ. अनुज शर्मा, वैभव बंसल, अमित सिंह, अशोक गौतम, रमन शर्मा, रिंकू शर्मा, भूपेंद्र रावत, सोनू शर्मा और नितिन शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।






