2.90 करोड़ की सौगात: रंजीता धामा ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत

यूपी – गाजियाबाद/लोनी। राष्ट्रीय लोकदल की लोनी नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने शुक्रवार को वार्ड नंबर 2, 3 और 5 की पंचवटी कॉलोनी, राजनगर, न्यू रामप्रस्थ विहार एवं उत्तरांचल विहार में करीब 2 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का नारियल फोड़कर उद्घाटन किया। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

रंजीता धामा ने कहा कि क्षेत्र के विकास में जनता के सहयोग और विश्वास की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उन्हें दिन-रात कार्य करने की प्रेरणा देता है। नगरपालिका अधिकारी और कर्मचारी लगातार मेहनत कर विकास कार्यों को धरातल पर उतार रहे हैं, जिसके चलते लोनी में सुंदर और टिकाऊ सड़कें बन रही हैं तथा स्वच्छता और सौंदर्य बढ़ रहा है।


उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गलियों को साफ-सुथरा रखना सभी की जिम्मेदारी है। घरों का कूड़ा नगरपालिका की कूड़ा गाड़ी में डालें ताकि शहर स्वच्छ बना रहे। कार्यक्रम के अंत में रंजीता धामा ने लोगों को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।

इस मौके पर सभासद धर्मेन्द्र, सभासद पूजा पार्चा, सुमित पार्चा, बिट्टू, राजू, चौधरी जयवीर, राजकुमार, चरण सिंह, यशपाल चौधरी, टिल्लू प्रधान, राजपाल राठी, संजीव टिकैत, अशोक बालियान, विपिन तोमर, हरेन्द्र, पारुल, सोनिया, संगीता, सोनम और लक्ष्मी देवी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।