यूपी – मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर स्थित अपने ‘गोकुल सिटी’ आवास पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों और नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने क्षेत्रीय विकास, जनसुविधाओं और विभिन्न शिकायतों से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे।

नरेंद्र कश्यप ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसेवा और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और हर नागरिक की समस्या का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश में विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।






