यूपी – गाजियाबाद। सरन शब्द-गुंजन संस्था के तत्वावधान में लेखिका लक्ष्मी अग्रवाल के काव्य-संग्रह ‘खिड़की पर बैठी कविता’ का लोकार्पण एवं सम्मान समारोह वैशाली स्थित स्काईटेक मगध में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सविता चड्ढा ने की, जबकि मुख्य अतिथि अशोक गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति और डॉ. नीरजा मेहता ‘कमलिनी’ उपस्थित रहीं। संचालन नयन नीरज ‘नायाब’ ने किया तथा आयोजन विकास अग्रवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ।
समारोह में डॉ. मनोज कामदेव, संगीता वर्मा, बबली सिन्हा ‘वान्या’, गुंजन अग्रवाल, पूजा श्रीवास्तव, देवेन्द्र प्रकाश शर्मा, भूपेंद्र राघव, दीपिका वल्दिया, डॉ. अर्चना गर्ग, संगीता पीयूष गुप्ता, डॉ. ऋतु अग्रवाल, जोया, हिमांशु शुक्ला, अशोक कुमार, लवनीश सिंह और राजकुमार चौहान सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने काव्य-पाठ कर पुस्तक की सराहना की।
डॉ. सविता चड्ढा ने कहा कि पुस्तक में परिवार, संवेदनाओं और नारी जीवन का संतुलित चित्रण है। डॉ. नीरजा मेहता ‘कमलिनी’ ने इसे लेखिका के मन की खिड़की बताया। लक्ष्मी अग्रवाल ने कहा कि “खिड़की” उनके लिए बाहरी और आंतरिक दुनिया को समझने का माध्यम रही है। कार्यक्रम में नन्हीं गुंजन की नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।






