यूपी – गाजियाबाद। लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस गाजियाबाद डॉली त्यागी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है।
डॉली त्यागी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ने से परिवहन खर्च में भारी इजाफा हुआ है, जिसका असर खाने-पीने की वस्तुओं सहित रोजमर्रा के सामानों पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं के घर का बजट बिगड़ चुका है, किसानों की खेती महंगी हो गई है और बेरोजगार युवाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए टैक्स में कटौती कर जनता को राहत देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी जनता की आवाज बनकर महंगाई के खिलाफ संघर्ष कर रही है और जब तक आम लोगों को राहत नहीं मिलेगी, आंदोलन जारी रहेगा।






