यूपी – गाजियाबाद, तेलंगाना के महबूबाबाद स्थित एनटीआर स्टेडियम में 12 से 14 मई 2026 तक आयोजित 45वीं सब जूनियर बालक एवं बालिका राष्ट्रीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने गुजरात को 21-18, 17-21 और 21-19 से हराकर चैंपियनशिप जीती। प्रतियोगिता में गुजरात दूसरे तथा पश्चिम बंगाल तीसरे स्थान पर रहा।
बालिका वर्ग में हरियाणा ने राजस्थान को 21-15, 16-21 और 22-20 से हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। राजस्थान उपविजेता रहा जबकि महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर रहा।

उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी आर्यन मिश्रा को बालक वर्ग का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया, जबकि हरियाणा की खिलाड़ी सुमित को बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
उत्तर प्रदेश टीम की जीत पर शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अंजूल अग्रवाल, महासचिव जीत राज तोमर, शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के चेयरमैन अजय पाल प्रमुख, महासचिव तारकेश्वर सिंह, संतोष सिंह, अमर यादव, आयुष गुप्ता और अतुल तोमर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। समापन समारोह में महबूबाबाद के विधायक डॉ. मुरली नायक भूकिया ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।






