गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना स्थित बाल मित्र केंद्र में अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम समाधान अभियान एवं इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से संचालित “चुप्पी तोड़; हल्ला बोल” परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों, बाल यौन शोषण से प्रभावित बच्चों और उनके परिजनों ने भाग लिया। इस दौरान बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य परिजनों को बाल यौन शोषण से बचाव और पॉक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देना था। साथ ही बच्चों के साथ सकारात्मक और प्रभावी संवाद स्थापित करने के तरीकों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को बाल मित्र केंद्र की कार्यप्रणाली और बच्चों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के दौरान परिजनों ने साहिबाबाद थाने का भ्रमण भी किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन परिवारों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्था की संस्थापक अर्चना अग्निहोत्री ने कहा कि समाधान अभियान और इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे, जिससे बच्चों के लिए सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण तैयार किया जा सके।






