यूपी – गाजियाबाद में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से चिकित्सकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर आईएमए भवन में एक पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संतोष यूनिवर्सिटी के एचओडी सर्जरी एवं डायरेक्टर इंटरनेशनल रिलेशन डॉ. शलभ गुप्ता ने किया।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आईएमए डॉ. शरद अग्रवाल ने बताया कि आईएमए अपने सदस्यों की सहायता करने और उनके अधिकारों के लिए प्रशासनिक स्तर पर संघर्ष करने का कार्य लगातार करता है। पूर्व राष्ट्रीय सचिव डॉ. डी.आर. राय ने चिकित्सकों के लिए दस्तावेजीकरण को बेहद महत्वपूर्ण बताया। यूपी आईएमए अध्यक्ष एवं सर्जन डॉ. राजीव गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत के बाद हर वर्ष होने वाली पंजीकरण प्रक्रिया को पांच वर्ष में बदलवाया गया है। उन्होंने प्रदूषण लाइसेंस की बढ़ी हुई दरों को कम कराने का भी आश्वासन दिया।
हॉस्पिटल बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शिशिर ने कहा कि आईएमए अस्पतालों को एनएबीएच मान्यता दिलाने में सहयोग करेगा। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता राजेश शर्मा ने चिकित्सकों को सद्भावना से कार्य करने और उचित दस्तावेज रखने की सलाह दी। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य तथा अग्निशमन विभाग के गौरव कुमार ने भी अस्पतालों से समन्वय बनाए रखने की अपील की। आईएमए गाजियाबाद अध्यक्ष डॉ. कल्पना कंसल और सचिव डॉ. राजीव त्यागी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।






