यूपी – गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को मुरादनगर क्षेत्र के ग्राम असालतनगर में विकसित की जा रही एक बड़ी अवैध कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
जीडीए अधिकारियों के अनुसार खसरा संख्या-181 में करीब 23 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में मिट्टी भराव कर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इस कार्य में अमित त्यागी पुत्र ज्ञानेश्वर त्यागी, विश्वजीत, सिद्धार्थ पुत्रगण देवदत्त त्यागी तथा सोमदत्त त्यागी पुत्र शौराज सिंह शामिल बताए गए हैं। मौके पर कॉलोनी का कोई स्वीकृत लेआउट या मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम ने अवैध रूप से बनाई गई सड़क, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस तथा अन्य निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण के समय कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस बल और जीडीए प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी कर ली गई।
अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा। जीडीए ने चेतावनी दी है कि अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।






