यूपी – गाजियाबाद/लोनी। राष्ट्रीय लोकदल की लोनी नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने वार्ड-12 स्थित खन्ना नगर, त्यागी मार्केट, रामेश्वर पार्क और ऋषि मार्केट सहित विभिन्न कॉलोनियों में करीब 5 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया।
रंजीता धामा ने बताया कि परियोजना के तहत पार्कों का सौंदर्यीकरण, चारदीवारी निर्माण, पानी की टंकी की मरम्मत, गलियों में सीसी सड़कें, इंटरलॉकिंग टाइल्स और आरसीसी नालियों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास ही उनके लिए जनसेवा का सबसे बड़ा माध्यम है और लोनी क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें की जाती हैं तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग से मजबूत और टिकाऊ सड़कें बनाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन गलियों में अभी कार्य नहीं हो पाया है, वहां भी जल्द योजनाओं के तहत विकास कराया जाएगा।
कार्यक्रम में दीपक सरोहा, देशराज दरोगा, जयपाल सिंह मलिक, नरेंद्र फौजी, भोपाल सिंह प्रधान, उदयवीर सरोहा, मनीष शर्मा, साहब सिंह तोमर, देशपाल मान, आबिद खेकड़ा, रियाज, एडवोकेट आफताब आलम, संजय शर्मा, दिनेश रावत, नरेश दांगी, पप्पू रावत, पवन चौहान, ओमी बंसल, राजीव बंसल समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।








