यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की 172वीं बोर्ड बैठक में शहर के भविष्य से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता मेरठ मंडल आयुक्त एवं जीडीए बोर्ड अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी ने की। बैठक में उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, वित्त नियंत्रक ए.के. वाजपेई, सचिव विवेक कुमार मिश्रा, बोर्ड सदस्य पवन गोयल, केशव त्यागी समेत अन्य अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में एरोसिटी परियोजना, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, हरनंदीपुरम आवासीय योजना, अग्नि सुरक्षा, हाईटेक टाउनशिप और आधुनिक शहरी विकास से जुड़े 13 प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति दी गई। राजनगर एक्सटेंशन के पास ग्राम मोरटा, अटौर और मेवला अगरी क्षेत्र की लगभग 200.25 हेक्टेयर भूमि पर एरोसिटी विकसित की जाएगी। इसके लिए लैंड पूलिंग, आपसी सहमति से भूमि खरीद और अधिनियम के तहत भूमि अर्जन मॉडल को मंजूरी मिली। परियोजना के लिए लगभग 2813 करोड़ रुपये के वित्तीय अनुमोदन को भी स्वीकृति दी गई।
यूपीसीए और जीडीए के संयुक्त उपक्रम से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी बनाया जाएगा, जिसमें दोनों संस्थाओं की 50-50 प्रतिशत भागीदारी होगी। हरनंदीपुरम आवासीय योजना के दूसरे चरण के लिए 2179.50 करोड़ रुपये के भूमि क्रय प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
बैठक में हाईराइज भवनों के लिए 102 मीटर ऊंचाई तक कार्य करने वाले अत्याधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म खरीदने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली। वेब सिटी परियोजना में देरी पर असंतोष जताते हुए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। जीडीए ने शहर को आधुनिक, सुरक्षित और निवेश-अनुकूल बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।








