यूपी – गाजियाबाद। ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील से प्रेरित होकर मंत्री ने अपने सुरक्षा काफिले में शामिल चार वाहनों में से दो गाड़ियां हटाने का निर्णय लिया है। अब वह केवल दो वाहनों के साथ आवागमन करेंगे।
नरेंद्र कश्यप ने घोषणा की कि 100, 200 या 500 मीटर जैसी छोटी दूरी वह पैदल तय करेंगे। जरूरत पड़ने पर सरकारी बस और रेल सेवा का भी उपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ऊर्जा संकट को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को ईंधन और बिजली बचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
मंत्री ने लोगों से घरों में अनावश्यक बिजली उपकरण बंद रखने की अपील करते हुए कहा कि जिस कमरे में जरूरत हो, केवल वहीं पंखा, लाइट या अन्य उपकरण चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से देश करोड़ों यूनिट बिजली और लाखों लीटर ईंधन बचा सकता है।
नरेंद्र कश्यप ने बताया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रस्तावित बैठक में शामिल होने के लिए अपने आवास से मुख्यमंत्री कार्यालय तक पैदल जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को खुद उदाहरण पेश करना चाहिए ताकि जनता भी ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक हो सके।








